
कर्मचारियों की हड़ताल के चलते महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) के 223 डिपो पर बस परिचालन सोमवार सुबह बंद कर दिया गया। कर्मचारी संगठन निगम के राज्य सरकार में विलय की मांग करते हुए हड़ताल कर रहे हैं। वहीं एसटी बसों के कार्यकर्त्ताओं के इस आंदोलन का असर उनके परिवार पर भी पड़ रहा है। दापोली एसटी डिपो चालक अशोक वनवे ड्यूटी पर हाथों में चूड़ियां पहनकर पहुंचा तो सब हैरान रह गए। ड्राइवर अशोक वनवे ने बताया कि सुबह उसकी पत्नी के साथ कहासुनी हो गई।
पत्नी ने अशोक को ताना देते हुए कहा कि लोग मर रहे हैं और तुम ड्यूटी पर जा रहे हो। अशोक की पत्नी ने उसे काम पर नहीं जाने को कहा। उसकी पत्नी ने कहा कि अगर उसे काम पर जाना है तो अपने हाथों में चूड़ियों पहनकर जाओ। अशोक ने कहा कि अगर वो काम पर नहीं आता तो उसे मेमो मिल जाता और दूसरी तरफ पत्नी से बहस भी खत्म करनी थी। मेमो न छूटे और उसकी पत्नी का गुस्सा भी शांत हो जाए इसलिए हाथों में चूड़ियां पहन लीं।
चालक अशोक बीड का रहने वाला है और दापोली में काम करता है। अशोक ने अपना दुख जाहिर करते हुए कहा कि हमारे एसटी कर्मचारी आत्महत्या कर रहे हैं, इसलिए हमारे परिवार ने इस साल दिवाली नहीं मनाई है। अशोक ने कहा कि आज के समय में 13 हजार में घर चलाना मुश्किल है। सरकार को तुरंत सकारात्मक फैसला लेना चाहिए, उसे कर्मिचारियों की समस्या समझनी चाहिए। MSRTC कर्मचारियों का एक वर्ग 28 अक्तूबर से ड्यूटी पर नहीं आ रहा है। नकदी संकट से गुजर रहे निगम को राज्य सरकार के साथ मिलाने की मांग की जा रही है।