
Suicide Crime In Raipur:। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र के एक होटल में नई दिल्ली कैलाशपुरी निवासी एक युवक ने खुदकुशी कर ली। घटना स्थल पर मिले सुसाइड नोट में मृतक अशोक कुमार ने डीके नाम के व्यक्ति का उल्लेख किया है। डीके और अशोक दोनों मिलकर कालेजों में बच्चों के प्रवेश दिलाने का काम करते थे।
सुसाइड नोट लिखा गया है कि डीके की वजह से डेढ़ करोड़ का नुकसान हुआ है। पैसे की दिक्कत की वजह से यह कदम उठा रहा। मौदहापारा थाना प्रभारी लक्ष्मी जायसवाल ने बताया कि प्रारंभिक तौर यह मामला पैसे के लेन-देन का प्रतीत हो रहा। मृतक आठ अक्टूबर शुक्रवार को होटल पहुंचा था। शनिवार सुबह आखिरी बार होटल में देखा गया। फोन नहीं उठाने पर स्वजनों ने होटल में फोन किया तब मामले का पर्दाफाश हुआ।
मौदहापारा थाना पुलिस के अनुसार अशोक कुमार (40) निवासी कैलाशपुरी नई दिल्ली का शव होटल के कमरे में पंखे से लटकता मिला। मृतक वैष्णवी डिस्टेंस एजुकेशन नाम की संस्था में काम करता था। वह कालेज में प्रवेश के नाम से 8 अक्टूबर को होटल पहुंचा और 9 को आखिरी बार होटल में देखा गया। इसके बाद घर वालों ने फोन किया।
फोन नहीं उठने पर 10 अक्टूबर को होटल में फोन कर अशोक के बारे में पूछा और कमरे में जाकर देखने के लिए कहा। होटल कर्मचारी जब कमरे में गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। तब इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर प्रवेश कर देखा तो अशोक का शव फंदे में लटका हुआ था।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की। मिली जानकारी के अनुसार अशोक का रायपुर आना-जाना था। लगभग दो माह पहले भी वह रायपुर एडमिशन के काम से आया था।