
कबीरधाम जिले के कवर्धा शहर के कर्मा चौक पर एक संप्रदाय द्वारा दूसरे संप्रदाय के झंडे के बगल में अपना झंडा लगाने को लेकर पैदा हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासन की ओर से पूरे शहर में धारा 144 लगाकर शांति स्थापित करने की कोशिश की गई, लेकिन उपद्रव बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अह्वान पर बड़ी संख्या में लोग कर्मा चौक पर पहुंचे और झंडा लगाकर विरोध जताया।
सूत्र बताते हैं कि इसके बाद स्थिति बिगड़ गई और कई वाहनों में तोड़फोड़ भी हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियों का सहारा लेना पड़ा। इस घटना के बाद कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने शहर के निगम क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया। जबकि बाकी इलाकों में धारा 144 लगी रहेगी। कलेक्टर शर्मा ने आम नागरिकों से शांति, संयम बरतने की अपील की।
विहिप की ओर से बुलाए गए बंद के कारण जिले के सभी बाजार और दुकानें बंद थीं। इस दौरान दोपहर में बड़ी संख्या में लोग हाथों में डंडा लेकर रैली की शक्ल में शहर में निकल आए। प्रदर्शनकारियों ने आदर्श नगर, पीजी कालेज रोड, लोहारा नाका, कोतवाली के पीछे का एरिया, जल संसाधन आफिस के पास बसी बस्तियों और कालोनियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान बाइक, कार और ठेलों को तोड़ दिया। शहर की आज की हालत को देखते हुए ऐसा लगता है कि पुलिस का खुफिया तंत्र फेल हो गया। शहर में हालत को काबू करने के लिए आईजी दुर्ग विवेकानंद सिन्हा, दुर्ग एसएसपी बद्री नारायण मीणा, एसपी राजनांदगांव डी श्रवण, पूर्व एसपी व कमांडेंट, 14वीं वाहिनी बालोद-डॉ. लाल उमेद सिंह, कवर्धा एसपी मोहित गर्ग को तैनात किया है।
पुलिस बनी मूकदर्शक
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उपद्रव और तोड़फोड़ के दौरान पुलिस तमाशबीन बनकर खड़ी रही। करीब एक घंटे तक सब चलता रहा, इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया है। पुलिस पूरे शहर में ड्रोन से निगरानी कर रही है।
हेल्प लाइन नंबर जारी
जिला प्रशासन द्वारा आगामी आदेश तक पूरे शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है कोई भी व्यक्ति अपने घर से बाहर न निकले। घर मे रहे सुरक्षित रहे। शहर में सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए शहर में कोई व्यक्ति किसी स्थान पर फंसा हुआ है या कहीं पर किसी प्रकार की दुर्घटना घट रही है उसकी जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम के दूरभाष नम्बर 9479192499 में सूचित करें ताकि समय रहते आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित किया जा सके।
सांसद संतोष पांडेय बोले-प्रशासन करे निष्पक्ष कार्रवाई
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि गत तीन वर्षों से शासन, प्रशासन पक्षपात कर रहा है। आज भी लोगों पर लाठियां भांजी गईं, घर के अंदर घुस कर मारा गया। छोटे-छोटे बच्चों को भी पीटा गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन पक्षपातपूर्ण कार्रवाई न करे। यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कबीरधाम जिले में कई घटनाएं घटित हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हम न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं और लड़ेंगे। प्रशासन आम लोगों का विश्वास जीते और निष्पक्ष कार्यवाही करे।