
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने दो पत्रकारों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर गलत और भ्रामक खबर लगाने का आरोप है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की पुलिस ने कांग्रेस विधायकों की शिकायत पर भ्रामक और आधारहीन खबर प्रकाशित करने के आरोप में स्थानीय वेब पोर्टल के दो पत्रकारों को पकड़ा है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की पुलिस ने रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक बृहस्पत सिंह और रायपुर नगर (उत्तर) क्षेत्र के विधायक कुलदीप जुनेजा की शिकायत पर सोमवार को पत्रकार मधुकर दुबे और उनके सहायक अविनाश पल्लीवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसी महीने की 24 तारीख को कांग्रेस विधायक सिंह ने और 25 तारीख को जुनेजा ने पत्रकारों के खिलाफ भ्रामक और आधारहीन खबर छापने तथा जबरन उगाही करने की कोशिश के आरोप में थाने में शिकायत की थी। विधायकों की शिकायत पर पुलिस ने पत्रकारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने दोनों पत्रकारों को भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। दोनों को मंगलवार को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।