
Chhattisgarh weather forecast
छत्तीसगढ़ प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदलने वाला है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि सोमवार 27 दिसंबर से लेकर 29 दिसंबर तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं।
साथ ही सरगुजा संभाग में तो ओले गिरने की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। रविवार 26 दिसंबर को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा।
सोमवार 27 दिसंबर की रात को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं। मंगलवार 28 दिसंबर को प्रदेश के उत्तरी भाग में कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। इसके साथ ही 29 दिसंबर को सरगुजा संभाग, बिलासपुर संभाग के साथ दुर्ग व रायपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। सरगुजा संभाग व उससे लगे जिलों में तो ओले गिरने की भी संभावना है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि अब प्रदेश में उत्तर से ठंडी व शुष्क हवाएं आनी बंद हो गई हैं। दक्षिण से नमी युक्त अपेक्षाकृत गर्म हवा आ रही है। इसके चलते ही न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि आने वाले दो दिनों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।
आंशिक रूप से छाए बादल
शनिवार सुबह से ही राजधानी रायपुर समेत प्रदेश भर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। बादल छाने के कारण अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई और ठंड काफी कम रही। रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी रही। रायपुर का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। दुर्ग को छोड़कर प्रदेश भर में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। शनिवार को भी दुर्ग का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
इस प्रकार रहा तापमान
रायपुर 28.1 15.2
बिलासपुर 28.4 12.8
अंबिकापुर 24.2 09.8
पेंड्रा 27.1 12.1
दुर्ग 29.6 09.2
राजनांदगांव 28.5 15.5
जगदलपुर 28.5 12.4
Chhattisgarh weather forecast