
Chhattisgarh weather: प्रदेश के बाहर से आ रही शुष्क हवा के प्रभाव से रात में ठंड बढ़ने लगी है। एक बार फिर से कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है और इसके प्रभाव से ही शनिवार को हल्की बारिश के आसार हैं।
वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से मध्य छत्तीसगढ़ रहेगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बारिश के चलते मौसम में ठंडकता और बढ़ जाएगी।
शुक्रवार को राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान दुर्ग में 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा। साथ ही प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक कम दबाव का क्षेत्र उत्तर अंदरूनी तमिलनाडु और उसके आसपास है। इसके साथ ही ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 5.8किमी ऊंचाई तक है। इसके प्रभाव से ही शनिवार 13 नवंबर को प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं।
दिन भर छाए रहे बादल, तापमान बढ़ा
शुक्रवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहे। इसके चलते लगातार कम हो रहे न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई, लेकिन बादल छाए रहने के कारण भले ही तापमान में बढ़ोतरी हुई, लेकिन इसके असर से ठंड में थोड़ी बढ़ोतरी हुई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव के संकेत नहीं है, लेकिन प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं।
संस्थानों में आने लगी भीड़
धीरे-धीरे बढ़ने लगी ठंड के चलते अब गर्म कपड़ों के संस्थानों में भी लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में गर्म कपड़ों के स्टाल भी लगने लगे हैं। स्टालों में ग्राहकों को 20 फीसद छूट भी दी जा रही है।