
Conversion In Durg: नंदिनी थाना क्षेत्र के ग्राम ओटेबंद में रविवार की रात को मतांतरण कराने पहुंचे लोगों और ग्रामीणों के बीच जमकर हंगामा हुआ। गांव के दुर्गा पंडाल में रात में मतांतरण की सभा चल रही थी। गांव वालों को इसकी जानकारी हुई तो दुर्गा पंडाल के पास पहुंचे। मतांतरण सभा कर रहे लोगों की पकड़कर गांव वालों ने उनकी जमकर धुनाई की और उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इस हंगामे के बाद गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की जानकारी लगने पर भारी पुलिस बल वहां तैनात किया गया। साथ ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक रात करीब 10 बजे गांव के दुर्गा पंडाल में मतांतरण की सभा चल रही थी। दुर्गा पूजा खत्म होने और विसर्जन के बाद पंडाल खाली हो गया था। जब गांव वालों को पता चला कि दुर्गा पंडाल में मतांतरण की सभा चल रही है तो वे वहां पहुंच गए। गांव वालों ने दुर्गा पंडाल में सभा करने पर आपत्ति करते हुए कहा कि वे अपने समाज के लोगों के घर पर सभा करें।
मगर, मतांतरण की सभा करने के लिए वहां पहुंचे लोगों ने सार्वजनिक स्थान होने का हवाला देते हुए सभा करने की बात कही तो गांव वाले आक्रोशित हो उठे। इसके बाद गांव वालों ने मिलकर सभी की धुनाई कर दी। मतांतरण की सभा में एक कार और सात दो पहिया से लोग पहुंचे थे। ग्रामीणों ने उनकी गाड़ियों को भी तोड़फोड़ दिया। रात में गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
घटना की जानकारी लगते नंदिनी थाना के अलावा आसपास के थानों व पुलिस लाइन से बल को गांव में तैनात किया गया। शहर एएसपी संजय ध्रुव, ग्रामीण एएसपी अनंत साहू सहित अन्य अधिकारी और थाना प्रभारी भी गांव में पहुंचे। सुबह पांच बजे तक गांव की स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग नंदिनी थाना पहुंचे। वहां पर दोनों पक्ष के लोगों ने शिकायत की है। इस पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।