
Durga Idol Immersion: नवरात्र का समापन होने के साथ ही शहर के विभिन्न पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शुक्रवार से शुरू हो जायेगा। विसर्जन को ध्यान में रखकर कलेक्टर और निगम आयुक्त ने महादेव घाट में बनाए गए सार्वजनिक कुंडों का निरीक्षण कर पुख्ता व्यवस्था बनाने के निर्देश निगम अमले को दिया। जोन आठ के कार्यपालन अभियंता संजय शर्मा ने बताया कि नगर निगम की टीम ने मां दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली है।
Durga Idol Immersion: अस्थायी विसर्जन कुंड के जल के शुद्धिकरण करने ब्लीचिंग पावडर, एलम डाला गया है। वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था देने के साथ वैकल्पिक रूप से जनरेटर की व्यवस्था भी रखी गई है ताकि बिजली गुल होने पर किसी तरह की बाधा न आए। महादेव घाट परिसर में अस्थायी वाहन पार्किंग की व्यवस्था के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा सामग्रियों का विसर्जन करने के लिए ड्रम की व्यवस्था की गई है।
परिसर में कचरा परिवहन के लिये दो पहिया और चार पहिया वाहनों का प्रबंध किया गया है। परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। अस्थायी विसर्जन कुंड क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने पुलिस कंट्रोल रूम में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही अलग से नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नगर निगम कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
निगम अधिकारी ड्यूटी कर अन्य विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ विसर्जन व्यवस्था की देखरेख करेंगे। परिसर में जवारा विसर्जन करने प्रवेश स्थल चिंहाकित किया गया है। पूजा सामग्रियों की कंपोस्टिंग की व्यवस्था की गई है। अस्थायी विसर्जन परिसर में शौचालय, मूर्ति विसर्जन करने अस्थायी विसर्जन कुंड में क्रेन, नाव और गोताखोरों की टीम को तैनात किया गया है। कलेक्टर सौरभ कुमार, आयुक्त प्रभात मलिक ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संतोष जताया है।