
Dussehra 2021: खम्हारडीह सार्वजनिक दशहरा एवं सांस्कृतिक समिति पिछले 73 सालों से लगातार बीटीआइ मैदान शंकर नगर में दशहरा महोत्सव मनाती आ रही है। मगर, पिछले दो साल से दशहरा महोत्सव के आयोजन में विवाद पैदा करने के विरोध में दशहरा समिति और नेताजी सुभाषचंद्र बोस वार्ड 31 के रहवासियों ने सोमवार 11 अक्टूबर को प्रदर्शन करने का एलान किया है। यह प्रदर्शन दोपहर 12 बजे अशोका टावर चौक शंकर नगर में किया जा रहा है।
इलाके के कांग्रेसी और भाजपा नेता दोनों का ही दावा है कि वे आयोजन करते हैं। इस आयोजन में श्रेय लेने को लेकर विवाद फिलहाल सड़क पर आ गया है। भाजपा के स्थानीय नेता धरने पर बैठ गए हैं और कांग्रेस सरकार पर आरोप लगा रहे हैं कि वे आयोजन में व्यवधान पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। सभी नियम शर्तों की सहमति के बाद भी समिति को दशहरा महोत्सव मनाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
अशोका टॉवर चौक शंकर नगर के समक्ष भाजपा के नेता स्थानीय निवासियों के साथ धरने पर बैठ गए। वाहनों को भी चौक पर रोककर विरोध जताया। नेताजी सुभाषचंद बोस वार्ड 31 के नागरिकों के साथ खम्हारडीह सार्वजनिक दशहरा एवं सांस्कृतिक समिति बी.टी.आई. मैदान शंकर नगर के कार्यकर्ता धरने पर बैठे हैं। सभी कांग्रेसी नेता राकेश धोतरे के खिलाफ माहौल को बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए आयोजन को अनुमति देने की मांग कर रहे हैं।
दशहरा समिति और वार्ड के रहवासियों ने बताया कि खम्हारडीह बस्ती द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव कार्यक्रम में रायपुर जिले और आसपास के हजारों की संख्या में लोग शामिल होते हैं। आरोप है कि पिछले दो साल से कांग्रेसी नेता राकेश धोतरे के दबाव में शासन-प्रशासन दशहरा महोत्सव में विवाद पैदा कर धार्मिक आस्था को आहत करने की कोशिश कर रहा है।
समिति को नियम शर्तों की सहमति के बाद भी दशहरा महोत्सव मनाने की अनुमति नहीं दी जा रहा है। इसके विरोध में सोमवार को दोपहर 12 बजे अशोका टावर चौक शंकर नगर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। धरने में धार्मिक हिंदू संगठन, समिति, विभिन्न समाज, सभी मोर्चा दल और पार्षदों से शामिल होने की अपील की गई है।