
भोपाल। गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में पति की मौत के बाद कल्याणी से आरोपी दोस्ती बढ़ाकर दुष्कर्म कर रहा था। आरोपी उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ लिव इन रिलेशन में रखे हुए था। जब कल्याणी ने उस पर शादी का दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया। इतना ही नहीं उसे घर से बाहर निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार 30 साल की महिला गोविंदपुरा इलाके में रहती है।
11 साल पहले उसे पति का निधन हो चुका है। इस दौरान घर के बाहर कुछ काम के लिए वह निकलती थी। इस बीच मोहल्ले में रहने वाला अभिषेक मालवीय उसकी मदद करता था। पीड़िता की मदद करने के कारण अभिषेक का उसके घर आना-जाना हो गया।
वर्ष 2018 फरवरी महीने में अभिषेक ने उसे शादी का प्रलोभन दिया और साथ रहने की बात की। 13 फरवरी 2018 में आरोपी ने पीड़िता से पहली बार शारीरिक संबंध बनाए थे। इसके बाद वह लगातार शारीरिक संबंध बनाने लगा। गत दिनों पीड़िता ने अभिषेक पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने पीड़िता से मारपीट कर दी।
इतना ही नहीं उसने पीड़िता को अपने घर से बाहर कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को घटना की शिकायत की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।