
देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। लेकिन बारिश के दौरान उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है जिसे देख कर सब हैरत में पड़ गए हैं। दरअसल, भदोही जिले में आसमान से बारिश के पानी के साथ सैकड़ों मछलियां भी आ गिरीं। जिसे देखकर लोग हैरान हो गए और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुड़ गई।
खबरों से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला जिले के चौरी क्षेत्र के कंधिया के पास का बताया जा रहा है। बारिश के साथ गिरी मछलियों की घटना को जानकार सामान्य घटना मान रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि क्षेत्र में चक्रवाती हवा के साथ निम्न दबाव बनने के कारण कभी-कभी ऐसी घटनाएं होती हैं। बता दें कि बारिश के दौरान एक दो नहीं, बल्कि सैकड़ों छोटी-छोटी मछलियां बारिश के दौरान आसमान से गिरीं। मछलियों को देखने के लिए लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
स्थानीय लोगों ने इन मछलियों को उठाकर तालाब और आसपास के गड्ढों में फेंक दिया, जहां पानी भरा हुआ था। एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि मछलियों को गिरता देख सभी लोग हैरत में पड़ गए। लगभग 50 किलो तक मछलियां आसमान से गिरीं थीं, जिन्हें इकट्ठा करके गड्ढों और तालाब में छोड़ दिया गया।
बता दें कि बारिश के साथ आसमान से मछली गिरने की बात पता चलते ही कोई छत पर तो कोई खेतों में दौड़ पड़ा। गबता दें, बारिश के पानी के साथ गिरी मछलियां सामान्य मछली से अलग थीं। इन मछलियों का रंग और आकार भी अलग बताया गया।