छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एक दिसंबर से शुरू हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले साल की तरह इस बार भी सभी धान खरीदी केंद्रों में आर्द्रतामापी का उपयोग होगा।
जहां धान की नमी की जांच किए जा सके। बताया जाता है कि धान किसी भी स्थिति में 17 प्रतिशत से अधिक नमी होने पर धान क्रय नहीं किया जाएगा। इधर अधिकारियों ने कांटा-बांट एवं धर्मकांटा के सत्यापन कराने, आर्द्रतामापी यंत्र के ट्रायल के निर्देश भी दिए हैं।
रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार ने बताया कि वर्ष 2021-22 के लिए औसत अच्छी किस्म (एफएक्यू) के धान एवं मक्का के खरीदी के लिए धान कामन के लिए 1940 रुपये प्रति क्विंटल, धान ग्रेड ए के लिए 1960 रुपये प्रति क्विंटल और मक्का के लिए 1870 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी। वहीं खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के दौरान राज्य के किसानों से धान की नकद व लिकिंग में खरीदी एक दिसंबर से 31 जनवरी 2022 तक की जाएगी। समर्थन मूल्य पर किसानों से मक्का की खरीदी एक दिसंबर से 28 फरवरी 2022 तक की जाएगी।
धान प्रति एकड़ 15 क्विंटल निर्धारित
खरीफ वर्ष 2021-22 में प्रदेश के किसानों से धान खरीदी की अधिकतम सीमा 15 क्विंटल प्रति एकड़ लिकिंग सहित निर्धारित की गई है। खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में मक्का खरीदी की अधिकतम सीमा 10 क्विंटल प्रति एकड़ लिकिंग सहित निर्धारित की गई है। वहीं किसानों द्वारा विक्रय किए गए धान अौर मक्के की राशि का भुगतान बैंक खाते में डिजिटल मोड से किया जाएगा।
धान खरीदी को लेकर जिला अधिकारियों की लगाई ड्यूटी
कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की संपूर्ण अवधि के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। अधिकारी खरीदी केंद्रों का सप्ताह में कम से कम एक बार निरीक्षण करेंगे।
अधिकारियों को दी धान खरीदी के लिए प्रशिक्षण
मुख्य कार्यपालन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभाकक्ष में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र में खाद्य नियंत्रक, सहकारिता विभाग, सहकारी बैंक, कृषि, जिला विपणन के अधिकारी-कर्मचारी के साथ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, जिला स्तरीय सेक्टर अधिकारी, खरीदी केंद्र के नोडल अधिकारी, खरीदी प्रभारी, कंप्यूटर आपरेटर भी शामिल हुए। प्रशिक्षण मे कलेक्टर ने सभी खरीदी केंद्रों में चेक लिस्ट अनुसार सभी व्यवस्था पूरी करने, धान विक्रय के लिए केंद्र में आए किसानों को सुविधाजनक व्यवस्था बना कर नियमानुसार खरीदी करने के निर्देश दिए।