
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शुक्रवार को एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन के सामने ही कार्यकर्ताओं के बीच लात घूंसे चले।
आपस में गाली-गलौज कर कुछ कार्यकर्ताओं ने बेल्ट भी लहराए।
एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन शुक्रवार को रायपुर पहुंचे। वे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में संगठन के लोगों के साथ बैठक और पत्रकारवार्ता करने वाले थे। पत्रकारवार्ता के पूर्व राजीव भवन में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। नीरज जैसे ही राजीव भवन पहुंचे, बाहर खड़े कार्यकर्ताओं में शक्ति प्रदर्शन और उनके सामने के लिए धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने लात-घूंसे चलाने शुरू कर दिए, इससे अफरा-तफरी मच गई। कुछ कार्यकर्ता बेल्ट निकालकर लहराने लगे। ये देखकर राजीव भवन में मौजूद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी भी बाहर आ गए और एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं को शांत कराने में जुट गए।
नए एनएसयूआइ अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद से असंतोष
चार अक्टूबर को नीरज पांडेय को एनएसयूआइ का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। नीरज की नियुक्ति चुनाव से नहीं, बल्कि सीधे है। नियुक्ति के बाद से एनएसयूआइ में असंतोष बना हुआ है। राजीव भवन में हुआ हंगामा भी इसी गुटबाजी का परिणाम बताया जा रहा है। एनएसयूआइ के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, राष्ट्रीय संयोजक भावेश शुक्ला और हनी बग्गा, मेहताब हुसैन गुट के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई है।
केंद्र की नीति युवा विरोध: नीरज कुंदन
पत्रकारवर्ता को संबोधित करते हुए नीरज कुंदन ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत और युवा विरोधी नीतियों के कारण देश में बेरोजगारी बढ़ी है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। नीरज ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों को एक साथ और एक स्वर में विरोध करने की जरूरत है। कोरोना काल में भी छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार ने युवाओं को रोजगार देकर उनके साथ न्याय किया है। यह सराहनीय कदम हैं।