
छत्तीसगढ़ का एकमात्र मीडिया का गुरुकुल एक बार फिर चर्चे में है। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय रायपुर की घटना है। एनएसयूआई के नेता को छात्रा के द्वारा विवि में ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़ने का मामला थाने पहुंचे गया है। युवक की शिकायत पर मुजगहन थाना पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। शिकायत करने वाले युवक का कहना है कि यह उसके मैसेज नहीं है। पुलिस अब तकनीकी मदद से इसकी जांच करेगी।
उल्लेखनीय है कि एक लड़की और लड़के के बीच फाइट का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। ये वीडियो कॉलेज कैम्पस में हुए थप्पड़ कांड का है। बताया जा रहा है कि लड़की ने लड़के पर अभद्र टिप्पणी व अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगाया। इस घटना का एक मिनट 26 सेकंड का वीडियो वहां मौजूद स्टूडेंट्स में से किसी ने बना लिया।
अश्लील मैसेज भेजने को लेकर हुआ विवाद
वीडियो के साथ एक चैट का स्क्रीनशॉट भी वायरल हो रहा है, जिसमें निखिल नाम के लड़के ने कुछ लड़कियों के बारे में अभद्र टिप्पणी की। वायरल चैट में साफ देखा जा सकता है कि लड़का कुछ लड़कियों के बारे में किसी से बातचीत कर रहा है। जिसमें लड़कियों के कैरेक्टर के बारे में टिप्पणी कर रहा है।
‘थप्पड़कांड’ का वीडियो हो रहा वायरल
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है की पहले तो लड़की-लड़के को मोबाइल पर कुछ दिखाती है। जिसके बाद लड़का कसम खाते हुए कह रहा है कि यह मेरा नंबर नहीं है। तभी अचानक लड़की ने उसपर थप्पड़ों की बरसात कर दी। वीडियो में दिख रहा है कि लड़की कैसे लगातार लड़के को थप्पड़ मारती जा रही है। लड़का उसे कहता है कि वह नंबर उसका नहीं है।
वीडियो में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय का एक बैनर भी नजर आ रहा है, जो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग में स्थित स्टूडियो के पास का है, ऐसा छात्रों का कहना है। जिससे साफ होता है कि वायरल वीडियो यूनिवर्सिटी कैंपस का ही है। वीडियो में कुछ और भी बच्चे नजर आ रहे हैं। हालांकि, वहां मौजूद बच्चों ने दोनों के बीच बचाव करने की कोशिश नहीं की।