
हवा की दिशा अब बदलने वाली है,इसके चलते न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के आसार है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी तक हवा का रुख उत्तर था,लेकिन अब बुधवार एक दिसंबर से हवा पूर्व से आएगी।
इसकी वजह से शुक्रवार तीन दिसंबर तक न्यूनतम व अधिकतम तापमान दोनों में बढ़ोतरी होगी। तापमान में बढ़ोतरी होने से ठंड भी थोड़ी कम होगी। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि हवा की दिशा बदलने के कारण मौसम में यह बदलाव हो रहा है।
मंगलवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान में गिरावट की वजह से ठंड भी थोड़ी ज्यादा रही। साथ ही कुछ क्षेत्रों में तो कोहरे का भी असर दिखा। रायपुर का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 29.9 डिग्री सेल्सियस रहा और सर्वाधिक न्यूनतम तापमान कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया में 09.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे
मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। यहां का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा,जो सामान्य से कम रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बुधवार से प्रदेश का मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इसके साथ ही न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। तापमान में बढ़ोतरी होने से अब ठंड का असर भी थोड़ा कम होगा। इन दिनों रायपुर में मोतीबाग, आमापारा, पंडरी, टिकरापारा,संतोषीनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में गर्म कपड़ों के स्टाल लगे हुए है।